
रत्न और आभूषणों की दुनिया में जब भी सबसे महंगे हीरे का जिक्र होता है, तो अक्सर लोगों के जेहन में ‘कोहिनूर’ का नाम आता है, लेकिन इतिहास के पन्नों में एक ऐसा पत्थर भी दर्ज है, जिसके सामने कोहिनूर की चमक भी फीकी पड़ जाती है, हम बात कर रहे हैं ‘कलिनन’ (Cullinan Diamond) की, जो न केवल दुनिया का सबसे बड़ा हीरा है, बल्कि इसकी कीमत का अंदाजा लगाना भी नामुमकिन है।
Table of Contents
सतह से महज 18 फीट नीचे मिला था खजाना
इस बेशकीमती रत्न की कहानी साल 1905 में दक्षिण अफ्रीका की ‘प्रीमियर नंबर 2’ खदान से शुरू हुई। खदान के मैनेजर को निरीक्षण के दौरान मिट्टी के भीतर एक असाधारण चमक दिखाई दी। खुदाई करने पर 3,106 कैरेट (करीब 621 ग्राम) का एक विशाल पत्थर निकला। खदान के मालिक सर थॉमस कलिनन के सम्मान में इसे ‘कलिनन’ नाम दिया गया।
कीमत इतनी कि कोई खरीदार नहीं मिला
हैरानी की बात यह है कि अपनी खोज के बाद यह हीरा कभी बाजार में बिका ही नहीं। जानकारों के मुताबिक, इसकी कीमत इतनी अधिक आंकी गई थी कि उस दौर में दुनिया का कोई भी रईस या देश इसे खरीदने का साहस नहीं जुटा सका। आखिरकार, तत्कालीन ट्रांसवाल सरकार ने इसे खरीदा और ब्रिटेन के राजा एडवर्ड VII को उनके 66वें जन्मदिन पर तोहफे के रूप में दे दिया।
तराशते वक्त जब बेहोश हो गया था कारीगर
कलिनन को तराशने की जिम्मेदारी दुनिया के बेहतरीन डायमंड कटर जोसेफ एशर को सौंपी गई थी। कहा जाता है कि यह पत्थर इतना सख्त था कि पहली बार में स्टील का औजार ही टूट गया। जब दूसरी कोशिश में जोसेफ ने इसे दो हिस्सों में बांटा, तो काम के तनाव और भारी दबाव के कारण वे वहीं बेहोश हो गए थे।
शाही मुकुट और राजदंड की बढ़ा रहा है शान
कलिनन को काटकर कुल 9 बड़े और 96 छोटे हीरे बनाए गए। इनमें सबसे खास ‘कलिनन-I’ (530.2 कैरेट) है, जिसे ‘ग्रेट स्टार ऑफ अफ्रीका’ कहा जाता है। यह वर्तमान में ब्रिटेन के शाही राजदंड (Sceptre) में जड़ा हुआ है। वहीं, ‘कलिनन-II’ (317.4 कैरेट) ब्रिटिश सम्राट के शाही मुकुट की शोभा बढ़ा रहा है।
आज की कीमत जानकर उड़ जाएंगे होश
विशेषज्ञों का अनुमान है कि यदि आज कलिनन हीरे की नीलामी की जाए, तो इसकी कीमत 2 बिलियन डॉलर (करीब 16,000 करोड़ रुपये) से भी अधिक हो सकती है। अपनी विशालता और शुद्धता के कारण यह आज भी वैश्विक स्तर पर ‘हीरों का राजा’ माना जाता है।
















